आशीष शाक्य|आगरा  विधायक चौधरी बाबूलाल पर अभद्र टिप्पणी करने के बाद समाजसेवी बाल योगी ने उनके आवास पहुंचकर माफी मांगी, लेकिन करीब एक घंटे बाद ही सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर उनका रुख फिर बदलता नजर आया। बाल योगी ने वीडियो के जरिए जनहित के मुद्दे उठाने और सियासी बयानबाजी जारी रखने की बात कही। इस पूरे विवाद पर विधायक चौधरी बाबूलाल ने फिलहाल चुप्पी साध रखी है, जबकि उनके बेटे रामेश्वर चौधरी ने मामले पर प्रतिक्रिया दी है रामेश्वर चौधरी ने कहा कि उनके पिता स्पष्ट और साफ बोलने वाले व्यक्ति हैं। उन्होंने बाल योगी को माफ कर दिया है तो बात वहीं खत्म हो गई। माफी मांगने के बाद कोई व्यक्ति क्या बयान दे रहा है, उससे अब कोई फर्क नहीं पड़ता। उन्होंने कहा कि माफी के बाद भी बयानबाजी का जवाब देना उसे अनावश्यक तवज्जो देना होगा।
उन्होंने यह भी कहा कि यदि विधायक माफ नहीं करते और बयानबाजी लगातार जारी रहती तो कार्रवाई की जाती, लेकिन अब जब माफी हो चुकी है तो इन बातों का कोई मतलब नहीं है।

बुधवार को विधायक के आवास पहुंचे थे बाल योगी

बाल योगी बुधवार को विधायक चौधरी बाबूलाल के आवास पहुंचे थे। यहां उन्होंने अपनी कथित अभद्र टिप्पणी को लेकर विधायक से माफी मांगी। बाल योगी ने कहा था कि वह बड़ों का सम्मान करते हैं और बातचीत के दौरान कुछ शब्द गलती से निकल गए थे, जिसके लिए उन्होंने क्षमा मांगी।
हालांकि, माफी मांगने के करीब एक घंटे बाद ही बाल योगी ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी किया। वीडियो में उन्होंने कहा कि वह आगे भी जनहित के मुद्दे उठाते रहेंगे। उन्होंने यह दावा भी किया कि विधायक के कई फोन उनके पास आए थे, जिसके बाद वह उनके आवास पर पहुंचे थे।

मलपुरा के नाले की समस्या से शुरू हुआ था विवाद

पूरा विवाद मलपुरा क्षेत्र में खुले नाले की समस्या को लेकर शुरू हुआ था। बाल योगी रविवार को ग्रामीणों के बीच पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने नाले की गंदगी और उससे होने वाली कथित स्वास्थ्य समस्याओं का मुद्दा उठाया। इसी दौरान उन्होंने विधायक चौधरी बाबूलाल और उनके बेटे को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी कर दी थी।
टिप्पणी के बाद मामला राजनीतिक रूप से गरमा गया। इसके बाद बाल योगी विधायक के आवास पहुंचे और माफी मांगी। हालांकि, बाद में सोशल मीडिया पर उनके लगातार वीडियो सामने आने से विवाद एक बार फिर चर्चा में आ गया।

सांसद राजकुमार चाहर पर भी उठाए सवाल

बाल योगी ने अपने वीडियो में सांसद राजकुमार चाहर को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने जिले के कुछ विधायकों पर अपने बेटों को आगे बढ़ाने का आरोप भी लगाया। इस बीच भाजपा नेताओं और जनप्रतिनिधियों के करीबियों द्वारा बाल योगी के वीडियो साझा किए जाने की चर्चा भी सामने आई है।
हालांकि, इन दावों और वीडियो शेयर किए जाने को लेकर संबंधित नेताओं की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। वहीं विधायक चौधरी बाबूलाल की ओर से मामले पर सार्वजनिक बयान न आने के कारण अब उनके बेटे रामेश्वर चौधरी की प्रतिक्रिया ही इस विवाद में प्रमुख बयान बनी हुई है।
फिलहाल माफी के बाद दोबारा शुरू हुई बयानबाजी ने मलपुरा नाले के मुद्दे से शुरू हुए विवाद को एक बार फिर राजनीतिक चर्चा में ला दिया है।

आशीष शाक्य

By आशीष शाक्य

मैं आशीष शाक्य DNS न्यूज़ पोर्टल के लिए समाचार लेखन का कार्य करता हूँ हमारा उद्देश्य सिर्फ खबरें प्रकाशित करना नहीं बल्कि समाज, प्रशासन और आम जनता से जुड़े मुद्दों को तथ्यपरक निष्पक्ष और जिम्मेदारी के साथ सामने लाना है स्थानीय समस्याओं से लेकर जनहित के मुद्दों, राजनीति, प्रशासन,अपराध, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, विकास और सामाजिक सरोकारों तक हम उन खबरों को प्राथमिकता देते हैं जिनका सीधा संबंध आम आदमी से है हमारा प्रयास है कि हर खबर के पीछे की वास्तविकता को समझा जाए, तथ्यों को परखा जाए और जनता की आवाज को मजबूती से उठाया जाए पत्रकारिता हमारे लिए केवल पेशा नहीं, बल्कि समाज के प्रति जिम्मेदारी है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *