कानपुर। अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना फजलगंज पुलिस ने एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर चोरी के 8 दोपहिया वाहन बरामद किए हैं। बरामद वाहनों में 7 मोटरसाइकिल और एक स्कूटी शामिल है। पुलिस के अनुसार, बरामद वाहन फजलगंज, नजीराबाद और जूही थाना क्षेत्रों से चोरी किए गए थे। आरोपी के पास से 100 रुपये नकद भी बरामद हुए हैं।
पुलिस के मुताबिक, 21 अगस्त 2026 को फजलगंज पुलिस टीम रेलवे कॉलोनी स्थित बंद पड़े प्राथमिक विद्यालय के पास संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने छोटू बाघमार उर्फ अज्जुन उर्फ राजू पुत्र सुरेश बाघमार, निवासी 122/236 संगम टॉकीज के पास रेलवे लाइन, थाना फजलगंज, कानपुर नगर, मूल निवासी ग्राम उमरी, थाना मौदहा, जनपद हमीरपुर, उम्र करीब 32 वर्ष को रोककर पूछताछ की।
पूछताछ में आरोपी मौके पर मौजूद बाइक के संबंध में संतोषजनक जानकारी नहीं दे सका। जांच करने पर बाइक थाना फजलगंज में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 120/2026, धारा 303(2) बीएनएस से संबंधित पाई गई। इसके बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी से पूछताछ की।
पुलिस के अनुसार, आरोपी की निशानदेही पर रेलवे कॉलोनी स्थित बंद पड़े प्राथमिक विद्यालय के जर्जर खंडहर से 6 अन्य मोटरसाइकिल और एक स्कूटी बरामद की गई। बरामद वाहनों के संबंध में फजलगंज थाने में मुकदमा अपराध संख्या 118/2026 व 120/2026 तथा नजीराबाद थाने में मुकदमा अपराध संख्या 102/2026, 104/2026 और 111/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामले दर्ज पाए गए।
नशे की लत पूरी करने के लिए करता था चोरी
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह नशे का आदी है और नशे की जरूरत पूरी करने के लिए चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था। पुलिस जांच में आरोपी के खिलाफ चोरी, एनडीपीएस एक्ट और आबकारी अधिनियम से संबंधित कई मुकदमे दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस उसके अन्य आपराधिक मामलों और बरामद वाहनों के संबंध में भी जांच कर रही है।

