आशीष शाक्य आगरा डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के स्वामी विवेकानंद खंदारी परिसर स्थित जेपी सभागार में 15 सितंबर को ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट सेल की ओर से UPRise 2026 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय की माननीय कुलपति प्रो. आशु रानी ने की। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को नवाचार, उद्यमिता, करियर और रोजगार के नए अवसरों से जोड़ना तथा अनुभवी विशेषज्ञों एवं मार्गदर्शकों से संवाद का मंच उपलब्ध कराना रहा कार्यक्रम की थीम “संवाद, संकल्प, सफलता” रखी गई। इस दौरान विद्यार्थियों को स्टार्टअप फंडिंग, करियर एवं रोजगार के अवसर, विशेषज्ञ मेंटरशिप और नवाचार आधारित गतिविधियों के बारे में जानकारी दी गई कार्यक्रम में रियल्टी 7 के निदेशक कपिल त्रिमल, स्ट्रेटिविटी के मैनेजिंग पार्टनर एवं YAN फंड के एंजल इन्वेस्टर हर्षित देसाई तथा ब्लू बॉटलफिनटेक प्राइवेट लिमिटेड के संस्थापक एवं सीईओ विवेक गोयल विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। विशेषज्ञों ने छात्रों को स्टार्टअप, निवेश, करियर और उद्यमिता के क्षेत्र में उपलब्ध संभावनाओं से अवगत कराया।

युवाओं के लिए स्टार्टअप आत्मनिर्भरता का महत्वपूर्ण माध्यम: कुलपति
कुलपति प्रो. आशु रानी ने अपने संबोधन में युवाओं के लिए स्टार्टअप के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि स्टार्टअप आत्मनिर्भरता और रोजगार सृजन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री भी युवाओं को स्टार्टअप के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित कर रहे हैं।

उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद, संकल्प और सफलता के तीन चरणों को अपनाने का आह्वान किया। कुलपति ने बताया कि विवेकानंद इन्क्यूबेशन फाउंडेशन छात्रों को अपने नवीन विचारों को स्टार्टअप में बदलने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन और सहयोग प्रदान करता है उन्होंने छात्रों से अपने विचार फाउंडेशन की वेबसाइट पर अपलोड करने का आह्वान किया, भले ही उनके विचार अभी पूरी तरह विकसित न हुए हों। विश्वविद्यालय के मेंटर्स विचारों को विकसित करने से लेकर स्टार्टअप की स्थापना तक विद्यार्थियों को विभिन्न चरणों में सहयोग प्रदान करते हैं।
50 से अधिक टीमों ने लिया हिस्सा
UPRise 2026 में छात्रों के लिए चार प्रमुख जोन बनाए गए हैं, जहां विद्यार्थियों को विभिन्न अवसरों, मार्गदर्शन और करियर से जुड़ी जानकारियां उपलब्ध कराई जा रही हैं। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण मेन स्टेज पिचिंग एरिना रहा, जहां प्रतिभागियों ने अपने नवाचारों, विचारों और उद्यमिता संबंधी अवधारणाओं को प्रस्तुत किया।
प्रतियोगिता में 50 से अधिक टीमों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता तीन चरणों में आयोजित की गई, जिसके बाद 12 टीमों का चयन अंतिम पिचिंग राउंड के लिए किया गया है। अंतिम पिचिंग राउंड बुधवार को आयोजित होगा।
ReOil टीम ने हासिल किया प्रथम स्थान
प्रतियोगिता में सेठ पदम चंद जैन संस्थान के बीबीए छात्रों की टीम ReOil ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (आईईटी) की Solar Sweep टीम को प्रथम उपविजेता घोषित किया गया। यूसीसी के छात्रों की Study App टीम ने द्वितीय उपविजेता का स्थान हासिल किया कार्यक्रम का आयोजन प्रो. अनिल गुप्ता और डॉ. प्रेरणा मेहता के निर्देशन में किया गया आयोजन को सफल बनाने में डॉ. मीनाक्षी चौधरी, इंजी. सोनल पांडे, इंजी. सुमित पाठक, इंजी. नीतू काबरा, इंजी. अनुपमा पारस, डॉ. साधना सिंह, डॉ. श्वेता चौधरी, डॉ. अमित साहू, इंजी. तृप्ति पाल, प्रशांत कुमार, हिमांशु, महिमा सहित अन्य का विशेष सहयोग रहा।

