प्रतीक अग्रवाल आगरा। कमिश्नरेट आगरा के पश्चिमी जोन स्थित थाना मलपुरा पुलिस ने ‘ऑपरेशन क्लीन-03’ के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 32 अभियोगों में जब्त की गई अवैध देशी और अंग्रेजी शराब का नियमानुसार नष्टीकरण कराया। कार्रवाई के दौरान कुल 750 लीटर अवैध शराब नष्ट की गई।
पुलिस के अनुसार, विभिन्न अभियोगों में बरामद अवैध शराब के नष्टीकरण के लिए अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालय संख्या-02, आगरा की ओर से आदेश जारी किए गए थे। इन्हीं आदेशों के अनुपालन में 20 अगस्त 2026 को गठित टीम ने विधिक प्रक्रिया के तहत कार्रवाई की।
पुलिस आयुक्त आगरा के आदेश और पुलिस उपायुक्त पश्चिमी के निर्देशन में गठित टीम की मौजूदगी में थाना परिसर में शराब का नष्टीकरण कराया गया। कार्रवाई के दौरान सहायक पुलिस आयुक्त सैंया, थाना मलपुरा के प्रभारी निरीक्षक/वरिष्ठ उपनिरीक्षक, जिला आबकारी निरीक्षक आगरा और थाना मलपुरा के मालखाना प्रभारी सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।पुलिस के मुताबिक, पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी कराई गई। थाना परिसर में जेसीबी की मदद से गड्ढा खुदवाकर 32 अभियोगों से संबंधित कुल 750 लीटर देशी और अंग्रेजी शराब को नियमानुसार नष्ट कराया गया।
पुलिस का कहना है कि न्यायालय के आदेशों के अनुपालन में जब्त माल के निस्तारण की यह कार्रवाई निर्धारित विधिक प्रक्रिया के तहत की गई।

