आगरा भाजपा के दो विधायकों के खिलाफ चौपाल में अपशब्दों का इस्तेमाल करने वाले समाजसेवी के रूप में सक्रिय बाल योगी ने बुधवार को फतेहपुर सीकरी विधायक चौधरी बाबूलाल से माफी मांग ली। बाल योगी जयपुर हाउस स्थित विधायक के आवास पर पहुंचे और मीडिया की मौजूदगी में अपने शब्दों पर खेद जताया। इस दौरान वह भावुक होकर रो पड़े और हाथ जोड़कर विधायक से माफी मांगी।
बाल योगी अध्यक्ष गरीब सेना
बाल योगी ने कहा कि मलपुरा क्षेत्र में लोगों की समस्याएं सुनने के दौरान माहौल ऐसा बन गया कि वह अपने ऊपर नियंत्रण नहीं रख सके और भावनाओं में बहकर गलत शब्द बोल गए। उन्होंने कहा कि सामान्य रूप से भी उनके मुंह से ऐसे शब्द नहीं निकलने चाहिए थे। उन्होंने आगे ऐसी भाषा का इस्तेमाल न करने और भविष्य में अपने शब्दों पर नियंत्रण रखने की बात कही।
उन्होंने कहा, “मैं गांव का हूं, शहर का होता तो सोच-समझकर बोलता। मैंने जो शब्द कहे, वह गलत थे। इसलिए विधायक जी से माफी मांगने आया हूं और माफी मांगी है।”
मलपुरा की चौपाल का वीडियो हुआ था वायरल
दरअसल, बाल योगी रविवार को मलपुरा क्षेत्र में लोगों की समस्याएं सुनने पहुंचे थे। इसी दौरान चौपाल में उन्होंने भाजपा के दो विधायकों—उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री एवं आगरा दक्षिण विधायक योगेंद्र उपाध्याय और फतेहपुर सीकरी विधायक चौधरी बाबूलाल—के खिलाफ टिप्पणी की थी।
इस दौरान उनके द्वारा इस्तेमाल किए गए अपशब्दों के दो अलग-अलग वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए। वीडियो सामने आने के बाद विधायक चौधरी बाबूलाल ने बाल योगी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की बात कही थी।
विधायक के घर पहुंचकर मांगी माफी
विवाद बढ़ने के बाद बुधवार दोपहर बाल योगी विधायक चौधरी बाबूलाल के आवास पर पहुंचे। उन्होंने अपने बयान को लेकर खेद जताया और कहा कि उन्होंने भावनाओं में बहकर गलत शब्दों का इस्तेमाल किया था। माफी मांगते समय वह भावुक नजर आए और उनकी आंखों से आंसू भी छलक पड़े।
बाल योगी ने कहा कि वह मलपुरा में सीवर की समस्या को लेकर लोगों के बुलाने पर पहुंचे थे। वहां बातचीत के दौरान माहौल गर्म हो गया और वह अपना आपा खो बैठे।
उन्होंने कहा कि विधायक बाबूलाल सम्मानित पदों पर रहे हैं और मेहनत करके इस मुकाम तक पहुंचे हैं। आगे से वह अपने शब्दों को लेकर विशेष सावधानी रखेंगे।
चौधरी बाबूलाल ने किया माफ
बाल योगी के माफी मांगने के बाद विधायक चौधरी बाबूलाल ने भी उन्हें माफ कर दिया। विधायक ने कहा कि वह पहले बाल योगी को जानते तक नहीं थे। अब उन्होंने अपने शब्दों के लिए माफी मांग ली है, इसलिए वह उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं चाहते।
बाबूलाल पर क्या कहा था बाल योगी ने?
वायरल वीडियो में बाल योगी ने फतेहपुर सीकरी विधायक चौधरी बाबूलाल को लेकर उनकी ओर से 70 हजार लड़कियों को शिक्षा देने के दावे पर सवाल उठाए थे। उन्होंने विधायक के बेटे के विधायक बनने की इच्छा और बच्चों की फीस से जुड़े कथित व्यवहार को लेकर भी टिप्पणी की थी। इस दौरान उन्होंने कई बार अपशब्दों का इस्तेमाल किया था।
माफी के बाद भी योगेंद्र उपाध्याय पर उठाए सवाल
हालांकि चौधरी बाबूलाल से माफी मांगने के बाद मीडिया से बातचीत में बाल योगी ने कैबिनेट मंत्री एवं आगरा दक्षिण विधायक योगेंद्र उपाध्याय को लेकर फिर सवाल उठाए। उन्होंने मंत्री के बेटे की सरकारी नौकरी को लेकर सवाल करते हुए कहा कि जब बड़ी संख्या में युवा नौकरी के लिए संघर्ष कर रहे हैं, ऐसे में उनके 42 वर्षीय बेटे को सरकारी नौकरी कैसे मिली।
बाल योगी के इस बयान के बाद अब विवाद का एक नया पहलू सामने आया है। वहीं, चौधरी बाबूलाल से माफी और विधायक द्वारा उन्हें माफ किए जाने के बाद इस मामले में तत्काल कानूनी कार्रवाई की स्थिति फिलहाल बदल गई है।

